तेलपुर, मटियारिया, लाकड़, डुमरा व दानियाल परसौना में विशेष सतर्कता; कंट्रोल रूम से अधिकारी कर रहे मॉनिटरिंग
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। नेपाल के तिब्बत क्षेत्र में हिमस्खलन और ग्लेशियर झील फटने के बाद भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई अचानक बाढ़ को लेकर लौरिया प्रशासन अलर्ट मोड में है। नेपाल के रसुवा और नुवाकोट जिलों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पश्चिम चंपारण के सीमावर्ती क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर में संभावित वृद्धि को लेकर विशेष निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने संभावित प्रभावित इलाकों को चिह्नित करते हुए तेलपुर, लाकड़ सिसई, डुमरा, सीतापुर, मटियारिया और दानियाल परसौना समेत आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को नदी किनारे और निचले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने तथा जलस्तर बढ़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
बीडीओ संजीव कुमार, सीओ आशु रंजन और थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान समेत अन्य अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से नदियों के जलस्तर, तटबंधों और संवेदनशील क्षेत्रों की मॉनिटरिंग की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार मसान, बलोर और सिकरहना नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की सूचना मिलते ही एहतियाती कदम उठाए जाएंगे। राहत और बचाव से जुड़े संसाधनों को भी तैयार रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।



