माला सिन्हा
पीपराकोठी : रक्षाबंधन के अवसर पर माउंट लिट्रा जी स्कूल, मोतिहारी की छात्राओं ने देश की सुरक्षा में समर्पित सशस्त्र सीमा बल के जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व भावपूर्ण ढंग से मनाया. छात्राएँ राखी और मिठाई लेकर पीपराकोठी स्थित एसएसबी कैंप पहुँचीं और जवानों की कलाइयों पर प्रेम, विश्वास एवं सम्मान की राखी बाँधकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुरक्षित जीवन की मंगलकामना की. यह कार्यक्रम पुष्पांजलि कुमारी, स्मृतिलता एवं शुभम सिंह जाडौन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने कैंप पहुँचकर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की तथा रक्षाबंधन के पर्व को देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ा. छात्राओं ने जवानों को अपना भाई मानते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात कर्तव्य निभाने वाले जवानों के प्रति प्रत्येक देशवासी के मन में सम्मान और कृतज्ञता का भाव होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जवानों का त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण पूरे देश के लिए गर्व का विषय है. बच्चों ने बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व ही नहीं, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास, जिम्मेदारी और आपसी सौहार्द का भी प्रतीक है. राष्ट्र की सुरक्षा में लगे जवान भी हमारे अपने परिवार का हिस्सा हैं. इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन संजय कुमार गुप्ता, वाइस चेयरपर्सन, रंजीता गुप्ता, एकेडमिक डायरेक्टर जे एन प्रसाद, मैनेजिंग डायरेक्टर, शुभम कुमार गुप्ता, अमन कुमार गुप्ता, आँचल गुप्ता, मनोज कुमार अग्निहोत्री, कुमार अभिषेक, कुणाल राज आदि मौजूद थे.



