HomeBIHARबेतियाहथियारों के साथ बाइक सवार तीन युवक गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस व ड्रैगन चाकू...

हथियारों के साथ बाइक सवार तीन युवक गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस व ड्रैगन चाकू बरामद

पल्सर बाइक से आ रहे थे तीनों, कट्टा, कारतूस, ड्रैगन चाकू व दो मोबाइल बरामद

देश वाणी। लौरिया।

लौरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान हथियारों के साथ बाइक सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, एक कारतूस, ड्रैगन चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों जिस पल्सर बाइक से जा रहे थे, उसे भी जब्त कर लिया गया है। हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस को आशंका है कि तीनों किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि बुधवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि चौतरवा की ओर से तीन संदिग्ध युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर लौरिया की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर चटकल चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान नवलपुर जाने वाली सड़क पर खाप टोला के समीप पुलिस टीम ने बाइक को रोककर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान महफूज आलम, पिता मंसूर मियां, निवासी जैनी टोला, बथुआरिया थाना के पास से कमर में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा तथा जेब से एक कारतूस बरामद किया गया। वहीं मोती टोला, चौतरवा थाना निवासी सैफ आलम, पिता फारुख सिद्दीकी और अरविंद कुमार, पिता छठू यादव के पास से दो मोबाइल फोन और एक ड्रैगन चाकू बरामद किया गया।

पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि हथियारों के साथ वे लौरिया किस उद्देश्य से पहुंचे थे और क्या किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना थी। पुलिस उनके पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड तथा बरामद हथियारों के किसी पुराने मामले से संबंध की भी जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों के खिलाफ इस महीने लौरिया में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले लौरिया-बगहा मुख्य पथ पर कोऑपरेटिव बैंक के पास भी हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular