रक्सौल।अनिल कुमार।
हरैया थाना पुलिस ने एसएसबी के सहयोग से नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीवान टोला में एक मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 4 किलो 426 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने बरामद गांजा और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है।
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांजा की खेप लेकर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए हरैया थाना पुलिस ने एसएसबी के सहयोग से सीवान टोला में वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान संदिग्ध अवस्था में एक मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। जब गांजा को बाहर निकालकर वजन किया गया तो उसका कुल वजन 4 किलो 426 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने मौके से नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत सुगौली थाना क्षेत्र के कुहड़ी गांव निवासी ठग राउत के पुत्र अवध किशोर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक कार्रवाई में सामने आया कि गांजा को मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बरामद गांजा और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गांजा की खेप के स्रोत और इसके संभावित गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
फोटो -सीवान टोला में बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखा था गांजा, 4.426 किलो बरामद




