HomeBIHARबेतियालौरिया में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध अस्पताल पर चला प्रशासन...

लौरिया में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध अस्पताल पर चला प्रशासन का डंडा

सर्जरी के बाद अचेत अवस्था में मिली महिला ; संचालक फरार,हॉस्पिटल सील

देश वाणी। लौरिया

नगर पंचायत लौरिया के वार्ड नंबर-5 स्थित नया बस्ती में मंगलवार की शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से ‘इमरजेंसी हॉस्पिटल’ में छापेमारी की। कथित रूप से अवैध तरीके से ऑपरेशन किए जाने की सूचना पर हुई कार्रवाई के दौरान टीम को ऑपरेशन के बाद एक महिला मरीज अचेत अवस्था में मिली।

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे तत्काल अस्पताल से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लौरिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि महिला का कुछ समय पहले ही ऑपरेशन किया गया था। वहीं, उसके नवजात बच्चे को किसी अन्य स्थान पर भेजे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही गई है।

सूचना मिलते ही गठित की गई टीम

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से अस्पताल में छापेमारी की। टीम में डॉ. सूर्यप्रकाश, अस्पताल प्रबंधक राहुल कुमार सिंह तथा पुलिस की ओर से एसआई धनंजय कुमार शामिल रहे।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार ने बताया कि अस्पताल में अवैध रूप से ऑपरेशन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अस्पताल संचालक समेत अन्य कर्मी मौके से फरार हो गए।

जांच के बाद अस्पताल सील

छापेमारी के दौरान महिला मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल सीएचसी लौरिया भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच और कार्रवाई के बाद अस्पताल को सील कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी है। इधर, ऑपरेशन के बाद महिला के अचेत अवस्था में मिलने और छापेमारी की भनक लगते ही अस्पताल संचालक के फरार होने की घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

स्थानीय लोगों ने लौरिया क्षेत्र में संचालित अन्य संदिग्ध निजी अस्पतालों और क्लीनिकों की भी जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular