देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर स्थित गोरखपुर कैंट-उनौला स्टेशनों के मध्य पैच दोहरीकरण के कमीशनिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। 03 सितम्बर, 2026 को रेल संरक्षा आयुक्त के प्रस्तावित निरीक्षण के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने 30 अगस्त से 04 सितम्बर तक कई प्रमुख सवारी गाड़ियों को रद्द, री-शेड्यूल और मार्ग परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। इस बदलाव का सीधा असर बापूधाम मोतिहारी और चंपारण रूट से गुजरने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों पर भी पड़ेगा।
चंपारण-मोतिहारी रूट की प्रमुख ट्रेनों के समय में फेरबदल
मुजफ्फरपुर से खुलकर बापूधाम मोतिहारी, सुगौली व बेतिया होते हुए जाने वाली 12557 मुजफ्फरपुर-आनन्द विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस 03 सितम्बर को मुजफ्फरपुर से 240 मिनट (4 घंटे) की देरी से री-शेड्यूल होकर चलेगी। इसी प्रकार इस रूट की लाइफलाइन मानी जाने वाली 19038 बरौनी-बान्द्रा टर्मिनल अवध एक्सप्रेस 03 सितम्बर को बरौनी से 300 मिनट (5 घंटे) और बान्द्रा से 31 अगस्त को चलने वाली 19037 अवध एक्सप्रेस 120 मिनट (2 घंटे) री-शेड्यूल रहेगी। वहीं आनन्द विहार टर्मिनल से 31 अगस्त को खुलने वाली 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस 60 मिनट की देरी से रवाना होगी तथा 31 अगस्त व 04 सितम्बर को रास्ते में 60 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, 15705 कटिहार-दिल्ली चम्पारण हमसफर एक्सप्रेस 03 सितम्बर को 75 मिनट और 55040 बढ़नी-नरकटियागंज सवारी गाड़ी 30 अगस्त से 03 सितम्बर तक प्रतिदिन 240 मिनट री-शेड्यूल होकर चलेगी।
जननायक एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी, मोतिहारी-बेतिया में नहीं होगा ठहराव
अमृतसर से 01 एवं 02 सितम्बर को चलने वाली 15212 अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस अपने नियमित रूट के बजाय परिवर्तित मार्ग रोज़ा-लखनऊ-अयोध्या कैंट-वाराणसी-छपरा ग्रामीण-मुजफ्फरपुर के रास्ते चलाई जाएगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन 01 एवं 02 सितम्बर को बापूधाम मोतिहारी, चकिया, पिपरा, मेहसी, सुगौली, बेतिया, चनपटिया, नरकटियागंज, हरिनगर व बगहा स्टेशन होकर नही जाएगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
लोकल पैसेंजर ट्रेनें रद्द व अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों का डायवर्जन
परिचालनिक कारणों से नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनें गाड़ी सं. 55095, 55098 एवं 55097 इस माह की 31 अगस्त से 04 सितम्बर तक निरस्त रहेंगी। इसके अलावा बिहार संपर्क क्रांति 12565, शहीद एक्सप्रेस 14673/14674, बाघ एक्सप्रेस 13019/13020, वैशाली एक्सप्रेस 15565, जनसेवा एक्सप्रेस 14617 और नई दिल्ली-क्लोन स्पेशल ट्रेनें भी अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर वाराणसी-अयोध्या-बाराबंकी होकर चलेंगी। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।




