वाहिनी मुख्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, बच्चों ने बांधा समां, कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बल कार्मिकों को मिला प्रशस्ति पत्र
Bettiah, रवि कुमार मिश्रा
बेतिया/नरकटियागंज। एसएसबी 44वीं वाहिनी का 16वां वर्षगांठ समारोह रविवार की शाम बड़े ही धूमधाम और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार, एसएसबी 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी और सभापति रीना देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित व केक काटकर किया। समारोह को संबोधित करते हुए एसएसबी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने जवानों को उनके मूलमंत्र सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व को दोहराया। उन्होंने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में एसएसबी की अहम भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर वाहिनी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झिझिया नृत्य, पंजाबी भांगड़ा और देशभक्ति आदि गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में रेलवे प्रवेशिका +2 विद्यालय समेत अन्य विद्यालयो के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। स्थापना दिवस के इस अवसर पर सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा, नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पाण्डेय, एसएसबी 21वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश शर्मा, 65वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट मनोज कुमार, नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, एसएसबी के उप कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार व सचिन शर्मा, सहायक कमांडेंट गुलाब यादव, तरुण यादव, परिमल मंडल, सागर मलिक, निरीक्षक पवन कुमार सिंह सहित वाहिनी के तमाम अधिकारी, जवान और उनके परिजन, व क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




