HomeBIHARस्वतंत्रता दिवस पर हरसिद्धि के डायल 112 पुलिस ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी,...

स्वतंत्रता दिवस पर हरसिद्धि के डायल 112 पुलिस ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, बच्चों के बीच बांटी पाठ्य सामग्री

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी। 
पूर्वी चंपारण पुलिस जहां एक ओर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा में लगातार जुटी रहती है, वहीं सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरसिद्धि थाना क्षेत्र की डायल 112 पुलिस टीम ने एक सराहनीय पहल करते हुए स्कूली बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया।
कार्यक्रम का आयोजन हरसिद्धि प्रखंड के ओलाहा मेहता टोला स्थित मध्य विद्यालय बारमसवा, दनही प्राथमिक विद्यालय व अंगनाबाड़ी केंद्र दनही सहित अन्य विद्यालय में किया गया। यहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद डायल 112 पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को कॉपी, पेन, पेन्सिल और अन्य आवश्यक पाठ्य सामग्री वितरित की। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और देश का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डायल 112 पुलिस टीम में पीटीसी उमेश सिंह, सैप जवान संजीव कुमार सहित महिला पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। पुलिसकर्मियों ने बच्चों से संवाद भी किया और उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। बच्चों ने भी पुलिसकर्मियों के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार का स्वागत किया और पाठ्य सामग्री पाकर खुशी जताई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की। ओलाहा मेहता टोला के पैक्स अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व मे पुलिस केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रह रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए पुलिस द्वारा किया गया यह प्रयास प्रेरणादायक है और इससे समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान और अधिक मजबूत होगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डायल 112 पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था ही नहीं, बल्कि समाज के विकास और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्थानीय लोगों ने इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए पुलिस टीम की सराहना की।
spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular