देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। मोतिहारी के सर्वांगीण विकास और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर नगर निगम के उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रिय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं राज्य मंत्री तोखन साहू से भेंट कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। उप महापौर ने केंद्रीय मंत्रियों से वार्ता कर उनके कार्यालय में मांग पत्र हस्तगत कराया, जिस पर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई जा रही है।
सौंपे गए ज्ञापन में उप महापौर ने मोतिहारी के विकास से जुड़े दो प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। जिसमे पहला शहर के बीचों-बीच स्थित लगभग 12 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक मोतीझील के सर्वांगीण विकास, सौंदर्यीकरण और संरक्षण के लिए विशेष योजना और वित्तीय व्यवस्था करने की मांग की गई, ताकि मोतिहारी की इस धरोहर को और भव्य रूप दिया जा सके। वहीं दूसरी मांग मोतिहारी को सेटेलाइट ग्रीनफील्ड टाउनशिप में शामिल करने की है। बिहार में 11 शहरों को सेटेलाइट ग्रीनफील्ड टाउनशिप के रूप में विकसित किए जाने की योजना है। बापू की प्रथम सत्याग्रह स्थली मोतिहारी को इस योजना के तहत 12वें शहर के रूप में शामिल करने की विशेष मांग की गई है।
उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने बताया कि स्थानीय सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह के नेतृत्व में मोतिहारी के चहुंमुखी विकास का कार्य लगातार जारी है। दोनों महत्वपूर्ण मांगों पर केंद्र सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाने का पूर्ण विश्वास व्यक्त किया गया है।












