देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। रक्षाबंधन पर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूती देने के लिए भारतीय डाक विभाग ने एक विशेष पहल की है। रेल डाक सेवा यू मंडल के डाक अधीक्षक डॉ. आशुतोष आदित्य ने बताया कि विभाग द्वारा अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजी जाने वाली राखी मेल पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।
यह सुविधा 12 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी। इसके तहत ग्राहक प्रति व्यक्ति अधिकतम 5 राखी मेल स्पीड पोस्ट लेखों पर इस छूट का लाभ उठा सकते हैं। 50 ग्राम तक के लिफाफे के लिए स्थानीय स्तर पर मूल शुल्क 19 रुपये और बाहरी क्षेत्रों के लिए 47 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) निर्धारित है, जिस पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट मिलेगी। इसके लिए लिफाफे के ऊपर स्पष्ट रूप से राखी मेल लिखकर मोतिहारी रेलवे स्टेशन स्थित बुकिंग काउंटर से बुक कराया जा सकता है। रेल डाक सेवा मोतिहारी का रेलवे स्टेशन स्थित काउंटर 24 घंटे, सातों दिन खुला रहेगा। राखियों के सुरक्षित और समयबद्ध वितरण के लिए विशेष प्रेषण व्यवस्था की गई है। अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए डाक विभाग ने नागरिकों से राखियाँ समय रहते बुक कराने और इस विशेष छूट का लाभ उठाने की अपील की है।












