आशा कुमारी। देशवाणी
मोतिहारी।
तुरकौलिया थाना क्षेत्र के एक गाँव में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेमरा पाठक टोला निवासी लक्ष्मण साहनी के पुत्र राजू साहनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को इलाके की एक नौ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर एक युवक झाड़ियों में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद बच्ची के परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया। परिजनों ने मंगलवार को तुरकौलिया थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने पुलिस बल के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू साहनी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। साथ ही पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है, वहीं पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।












