HomeUncategorizedपश्चिम चम्पारण जिला के 44 पंचायत में सहयोग शिविर, ग्रामीण समस्या लेकर...

पश्चिम चम्पारण जिला के 44 पंचायत में सहयोग शिविर, ग्रामीण समस्या लेकर पहुँचे, हजारों आवेदन पर त्वरित कार्रवाई

देशवाणी 

बेतिया : बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा ग्रामीण क्षेत्र में लोगों की समस्या का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पश्चिम चम्पारण जिला के 44 ग्राम पंचायत में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की निगरानी में आयोजित उपर्युक्त शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उत्साहपूर्वक शामिल हुए और विभिन्न विभाग से सम्बंधित अपनी समस्या एवं मांग का आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में प्राप्त आवेदन पर सम्बंधित विभाग ने तत्काल कार्रवाई प्रारंभ कर दिया, जबकि पूर्व से लंबित कई मामलों का त्वरित निष्पादन कर हजारों ग्रामीणों को राहत प्रदान किया गया।

सहयोग शिविर में राजस्व, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन सहायता, कृषि, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शिविर में प्रारंभ किया।

गौनाहा प्रखंड की बेलसंडी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में मंत्री, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार सरकार नंदकिशोर राम शामिल हुए। उन्होने शिविर की व्यवस्था का निरीक्षण किया, लाभुकों एवं पदाधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने विभिन्न विभाग के स्टॉल का अवलोकन कर पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन की समस्या का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभुकों को बिना किसी विलंब के सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करायें।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, राज्य स्तर से जिले में प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी रामानुज प्रसाद सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

तदुपरांत जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने नरकटियागंज प्रखण्ड के रखई पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भ्रमण कर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की तथा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाए बिना पंचायत स्तर पर ही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पांडेय भी शिविर में पहुँचे तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्या की जानकारी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव एवं पंचायत स्तर पर ही सहज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो। ‘सहयोग शिविर’ इस दिशा में एक प्रभावी पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में नरकटियागंज प्रखण्ड की पुरैनिया हरसरी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में राज्य मंत्री, कोयला एवं खान मंत्रालय, भारत सरकार सतीश चंद्र दुबे पहुँचे। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा लाभुकों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे तथा आमजन की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जाए। सहयोग शिविरों के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक मॉनिटरिंग की व्यवस्था किया। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनील कुमार सिन्हा, सुचना एवं जन सम्पर्क पदाधिकारी रोचना माद्री व जिला के सभी वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा शिविर का संचालन सुनिश्चित किया।

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular