आशा कुमारी। देशवाणी
मोतिहारी।
हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र के रघुनाथपुर स्थित पीपल चौक का नाम अब बदलकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक कर दिया गया है। यह पहल पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक कृष्णनंदन पासवान द्वारा डॉ. मुखर्जी की जयंती के अवसर पर की गई। इस मौके पर चौक पर नए नाम का नेम प्लेट भी विधिवत रूप से लगाया गया।कार्यक्रम के दौरान विधायक कृष्णनंदन पासवान ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का योगदान देश के लिए अविस्मरणीय है। उनके विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ही इस चौक का नाम उनके नाम पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में उनका जन्मदिन उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। नामकरण के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों के साथ-साथ भाजपा के कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। ग्रामीणों ने मौके का लाभ उठाते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा।विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनका जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और जनता की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, वार्ड पार्षद मुकुल वर्मा, भाजपा के वरीय नेता दीपक शर्मा, राजकिशोर कुशवाहा, दीपक गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।












