भाजपा ने मोतिहारी में चलाया विशेष स्वच्छता अभियान, पूर्व केंद्रीय मंत्री व विधायक ने दिया जागरूकता का संदेश
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज भाजपा मोतिहारी द्वारा एक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख ऐतिहासिक व सार्वजनिक स्थलों चरखा पार्क और गांधी चौक पर व्यापक साफ-सफाई कर आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
चरखा पार्क में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता केवल सफाई का कार्य नहीं है, बल्कि यह एक सभ्य और जागरूक समाज की पहचान है। स्वच्छ वातावरण न केवल हमारे स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश छोड़ता है। ऐसे प्रयास जनभागीदारी के माध्यम से निरंतर जारी रहने चाहिए।
वहीं दूसरी ओर, गांधी चौक पर आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में मोतिहारी के विधायक प्रमोद कुमार ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर क्षेत्र की सफाई की। कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को प्रेरित करते हुए विधायक श्री कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 वर्षों का कार्यकाल देश के लिए विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल रहा है। स्वच्छता अभियान इस कार्यकाल की एक बड़ी उपलब्धि है, जिसने देश भर में जन-आंदोलन का रूप ले लिया है।
अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने चरखा पार्क, गांधी चौक और उसके आसपास के क्षेत्रों से कचरा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस विशेष अभियान में उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहिब्बुल हक, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, जिला उपाध्यक्ष विनोद कुशवाहा, आईटी सेल संयोजक ऋषभ झा और पार्षद संघ के अध्यक्ष संजू निषाद मुख्य रूप से शामिल हुए। इनके अलावा रोचक झा, राजेश कुमार, उत्तम मिश्रा, उषा गुप्ता, लड्डू सिंह बनिहारा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।












