हृदयानंद सिंह यादव
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला के आम रसोई गैस उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं ससमय गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन निरंतर सक्रिय है।अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनील कुमार सिन्हा के अनुसार एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने को नियमित निगरानी की जा रही है। वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गड़बड़ी पर सम्बंधित एजेंसियों एवं उत्तरदायी व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है। श्री सिन्हा ने बताया कि वर्तमान समय में जिला में 14.2 किलोग्राम के कुल 23933 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम के 1257 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी उपभोक्ता तक समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित हो तथा किसी भी क्षेत्र में गैस संकट की स्थिति उत्पन्न नही हो सके। इसके लिए गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर निरंतर दृष्टि रखी जा रही है। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया है कि विगत 24 घंटा में जिला में कुल 10337 गैस सिलेंडर सफलतापूर्वक होम डिलीवरी कराई गई है। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि उपभोक्ताओं को बिना किसी अनावश्यक विलंब के उनके घर तक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति एवं वितरण से सम्बंधित प्राप्त 24 शिकायत को सम्बंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। उपर्युक्त शिकायत के निष्पादन को नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है,जिससे उपभोक्ताओं की समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि गैस बुकिंग, डिलीवरी अथवा आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार का विलम्ब, अनियमितता या अन्य शिकायत की स्थिति में वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06254-247002 एवं 06254-247003 पर संपर्क कर अपनी शिकायत अंकित करा सकते हैं।












