Bettiah| अनिल कुमार शर्मा|
मझौलिया। प्रखंड के लिए गर्व की खबर है। सामाजिक संस्था स्वराज फाउंडेशन द्वारा आयोजित “अपना माटी, अपना देश” कार्यक्रम के लिए मझौलिया प्रखंड की दो छात्राओं का चयन किया गया है। चयन की खबर सामने आते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।इसकी जानकारी योग प्रशिक्षक अशोक सरकार ने दी। उन्होंने बताया कि मझौलिया प्रखंड से शिखा कुमारी और पायल कुमारी का चयन इस विशेष कार्यक्रम के लिए किया गया है। यह कार्यक्रम युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और अपनी मिट्टी से जुड़ाव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।अशोक सरकार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 30 मई से होगी। इसमें बिहार राज्य के सभी जिलों से छात्राओं को शामिल किया गया है। यात्रा की शुरुआत पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन स्थित दिशा लाइब्रेरी, गांधी चौक से की जाएगी। इसके बाद छात्राएं देश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण करेंगी और अलग-अलग जगहों की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक गतिविधियों से रूबरू होंगी। कार्यक्रम का समापन 11 जून को होगा।मझौलिया की दोनों छात्राओं के चयन से प्रखंडवासियों में उत्साह है। लोगों का कहना है कि यह पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है और इससे अन्य छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।












