HomeUncategorizedचम्पारण को मिली दो नई ट्रेनों की सौगात, नरकटियागंज से हुआ शुभारंभ

चम्पारण को मिली दो नई ट्रेनों की सौगात, नरकटियागंज से हुआ शुभारंभ

Bettiah | रवि कुमार मिश्रा|

केन्द्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद व विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।

नरकटियागंज। नरकटियागंज वासियों के लिए दो नई ट्रेनों की सौगात मिली। यह ट्रेन नरकटियागंज जंक्शन से दरभंगा जंक्शन तथा सिकटा से मुजफ्फरपुर जंक्शन के लिए चलेगी।

सोमवार को दोनों नई ट्रेन सेवाओं का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद सुनील कुमार एवं सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी एवं यात्री मौजूद रहे।

गाड़ी संख्या 63373/63374 दरभंगा रक्सौल मेमू सवारी गाड़ी का विस्तार अब नरकटियागंज तक कर दिया गया है, वही गाड़ी संख्या 63313/63314 मुजफ्फरपुर रक्सौल मेमू सवारी गाड़ी को सिकटा तक विस्तारित किया गया है।

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से पूरे क्षेत्र के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया। कार्यक्रम के संबोधन के मौके पर सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा ने कहा कि सिकटा विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी से वंचित था। आज का दिन क्षेत्रवासियों के लिए बेहद खुशी और गौरव का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए एक महत्वपूर्ण मांग भी रखी।

विधायक ने कहा की अगर इस ट्रेन सेवा का विस्तार पटना तक कर दिया जाए, तो क्षेत्र के लोगों को और अधिक सुविधा होगी, क्योंकि सिकटा विधानसभा क्षेत्र से राजधानी पटना के लिए अब तक कोई सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है।

समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि नरकटियागंज-दरभंगा और सिकटा-मुजफ्फरपुर ट्रेनें चम्पारणवासियों के लिए एक मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने यात्रियों को एक और खुशखबरी देते हुए बताया कि यात्रियों की भारी भीड़ और सुविधा को देखते हुए बगहा से पाटलिपुत्र जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस में चार अतिरिक्त कोच जोड़ दिए गए हैं, जिससे अब सफर और आरामदायक होगा।

मंत्री ने चम्पारण के रेल विकास को लेकर एक और बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नरकटियागंज में बहुत जल्द वाशिंग पिट का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। रेलवे ने इसे वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वाशिंग पिट तैयार होने के बाद नरकटियागंज जंक्शन से देश के दूर-दराज के बड़े शहरों के लिए नई लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर के लिए शाम के समय कोई पैसेंजर ट्रेन न होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी पर आश्वासन दिया कि रेलवे इस दिशा में गंभीरता से प्रयास कर रहा है, ताकि जल्द ही शाम के वक्त भी पटना एवं मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन सेवा बहाल की जा सके।

Bettiah | Champaran gets the gift of two new trains, inaugurated from Narkatiaganj.

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular