PBSHABD AIR, New Delhi
मोतिहारी। पश्चिम बंगाल में भाजपा के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) की हत्या से राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैल गयी है। घटना की पुष्टि करते हुए डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और घटना में प्रयुक्त एक संदिग्ध वाहन को ज़ब्त कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, हमलावर चार बाइकों पर सवार होकर आए थे।
प्राप्त विवरण के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ उस समय हमले के शिकार हुए जब वे उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित अपने फ्लैट पर लौट रहे थे। इसी दौरान कार में ही उन्हें गोली मार दी गयी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस हमले में वाहन का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका उपचार जारी है। इसके अतिरिक्त, उत्तर 24 परगना के ही बसीरहाट इलाके में एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय को भी गोली मार दी गयी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, इस जघन्य हत्याकांड की राजनीतिक हलकों में कड़ी निंदा की जा रही है। कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस ने सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी भर्त्सना की है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।












