SHABD,Dehradun, March 3,
उत्तराखंड : आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान में दिखा साल का पहला चंद्रग्रहण
अपराह्न 3 बजकर 20 मिनट पर शुरू हुआ था ग्रहण का प्रभाव।
देहरादून। इस वर्ष का पहला चंद्रग्रहण आज खगोलीय उत्साह के साथ देखा गया।इस विशेष घटना को देखने के लिए नैनीताल स्थित आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) में विशेष व्यवस्था की गई थी।संस्थान में दूरबीन के माध्यम से लोगों को चंद्रग्रहण दिखाने का प्रबंध किया गया।अपराह्न 3 बजकर 20 मिनट पर शुरू हुए इस ग्रहण के प्रभाव से चंद्रमा अब पूरी तरह मुक्त हो चुका है।

एरीज के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र यादव के अनुसार भारत के पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा अंडमान-निकोबार में कुछ ही मिनटों के लिए पूर्ण चंद्रग्रहण दिखाई दिया।इसके पश्चात इन क्षेत्रों में भी केवल आंशिक ग्रहण ही नजर आया।

दूसरी ओर, चंद्रग्रहण के सूतक काल के चलते धार्मिक परंपराओं का भी पालन किया गया।चारधाम के शीतकालीन गद्दी स्थलों सहित पूरे प्रदेश के सभी प्रमुख मंदिरों के कपाट आज सुबह से ही श्रद्धालुओं के लिए बंद रहे।ग्रहण की समाप्ति और शुद्धिकरण के बाद ही मंदिरों में पूजा-अर्चना पुनः प्रारंभ की जाएगी।वैज्ञानिक और धार्मिक दोनों ही दृष्टिकोणों से आज का दिन विशेष चर्चा में रहा।
Uttarakhand | First lunar eclipse of the year seen at Aryabhatta Observational Science Research Institute. Photo & Video- SHABD,Dehradun, March 3,












