HomeBIHARसारण शिक्षक निर्वाचन को लेकर मतदान दलों की ब्रीफिंग, निष्पक्ष और भयमुक्त...

सारण शिक्षक निर्वाचन को लेकर मतदान दलों की ब्रीफिंग, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान पर जोर

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए निर्देश, मतपेटिकाओं की सुरक्षा और निर्वाचन आयोग के नियमों के पालन को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

देश वाणी | बेतिया

बेतिया। बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार, बेतिया में मतदान दलों की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी तरनजोत सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम एवं पुलिस अधीक्षक, बगहा राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन अनिवार्य

जिला निर्वाचन पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी पदाधिकारी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

मतपेटिकाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान समय पर शुरू कराने, मतपत्रों एवं मतपेटिकाओं की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर भी रोक सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने डिस्पैच सेंटर से रवाना होने से पहले निर्वाचन सामग्री का चेकलिस्ट के अनुसार मिलान करने तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग और सूचनाओं को समय पर अद्यतन करने का निर्देश दिया, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मतदान कर्मियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

ब्रीफिंग के दौरान पी-1, पी-2 एवं पी-3 मतदान कर्मियों की भूमिका और उनके दायित्वों पर विशेष चर्चा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं के पहचान पत्रों का सही तरीके से सत्यापन करने तथा मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ निर्वाचन कार्य संपन्न कराने की अपील की।

सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें।

वहीं, पुलिस अधीक्षक, बगहा राजेश कुमार ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने तथा स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने का निर्देश दिया।

कई वरीय पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता रोचना माद्री, उप निर्वाचन पदाधिकारी लालबहादुर राय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ आलोक सहित अन्य संबंधित जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular