Motihari |Raxaul |अनिल कुमार|
काठमांडू से फैला विद्रोह सीमावर्ती इलाकों तक पहुंचा–
नेपाल की राजधानी काठमांडू से शुरू हुआ उग्र जनविद्रोह अब सीमावर्ती इलाकों तक फैल गया है। सोमवार देर शाम पड़ोसी शहर बीरगंज में युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आगजनी और हिंसा की घटनाओं ने हालात को और बिगाड़ दिया।
बीरगंज में कर्फ्यू, उपद्रवियों ने की तोड़फोड़–
स्थिति नियंत्रित करने के लिए बीरगंज प्रशासन ने सोमवार रात 9 बजे से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया। उग्र प्रदर्शनकारियों ने सांसद प्रदीप यादव और कानून मंत्री अजय चौरसिया के आवास पर हमला कर तोड़फोड़ की। कई वाहनों में आग भी लगा दी गई। प्रशासन ने नागरिकों से घरों में ही रहने की अपील की है।
सीमा पर सख्त सुरक्षा, मैत्री पुल सुनसान–
नेपाल की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रक्सौल से सटे बीरगंज तक जाने वाले मैत्री पुल पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सामान्य दिनों में यह मार्ग दोनों देशों के बीच सबसे व्यस्त आवाजाही का केंद्र होता है, लेकिन फिलहाल वहां वीरानी छाई हुई है।
सोशल मीडिया बैन से भड़का जनाक्रोश–
विद्रोह की पृष्ठभूमि में नेपाल सरकार का हालिया आदेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार ने देशभर में 26 सोशल साइट्स पर प्रतिबंध लगाया था, जिसके बाद काठमांडू में सोमवार से विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। हजारों युवक सड़कों पर उतर आए, नारेबाजी की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
गोलीबारी में 20 की मौत, 200 घायल–
हिंसक प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हैं। लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षाबल चौकसी बरत रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
नेपाल में हालात संवेदनशील–
सोशल मीडिया बैन और लगातार फैलते आंदोलनों से नेपाल की स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई है। सुरक्षाबल हर मोर्चे पर निगरानी कर रहे हैं ताकि हिंसा और अधिक न बढ़ पाए।
Motihari |Raxaul| Rebellion Escalates in Nepal, Curfew Imposed in Birgunj, Alert on India-Nepal Border
Motihari updates, Raxaul, Rebellion Escalates, Nepal, Curfew Imposed, Birgunj, India-Nepal, Border Alert,