spot_img
Monday, March 16, 2026
Homeबिहारमोतिहारीमोतिहारी में पड़ोसी से विवाद के बाद रिटायर्ड शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों...

मोतिहारी में पड़ोसी से विवाद के बाद रिटायर्ड शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, एफएसएल टीम पहुंची

-

Motihari | आशा कुमारी|

मोतिहारी। तुरकौलिया में रविवार की देर शाम एक रिटायर्ड शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर डीएसपी के निर्देश पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने में जुटी हुई है।

मृतक की पहचान रामअयोध्या प्रसाद के रूप में की गई है, जो जग सिंह कुशवाहा कन्या बालिका उच्च विद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षक थे। बताया जाता है कि वे लंबे समय तक इसी विद्यालय में पढ़ाते रहे और वहीं से रिटायर हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने तुरकौलिया हाई स्कूल के सामने जमीन खरीदकर अपना मकान बनवाया था और परिवार के साथ वहीं रह रहे थे। परिजनों के अनुसार रविवार की शाम किसी बात को लेकर उनका अपने पड़ोसी मनोज प्रसाद से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई। आरोप है कि झगड़े के बाद रामअयोध्या प्रसाद काफी मानसिक तनाव और सदमे में आ गए थे। इसके बाद वे घर के अंदर जाकर बिछावन पर लेट गए और कुछ ही देर में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी संध्या देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वे लगातार पड़ोसियों पर आरोप लगाते हुए कह रही थीं कि उनके पति की जान पड़ोसियों की वजह से चली गई। परिजनों का कहना है कि झगड़े के बाद ही शिक्षक की मौत हुई है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मृतक के पुत्र राजा कुमार रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश में तैनात बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें भी सूचित कर दिया गया है। परिजन उनके आने का इंतजार कर रहे हैं।

इधर, प्राप्त सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप सिंह और थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सदर डीएसपी दिलीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। परिजनों द्वारा पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं।

Related articles

Bihar

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Latest posts