Motihari| निखिल|
मोतिहारी। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के पूर्वी क्षेत्र पाइपलाइंस, मोतिहारी के तत्वाधान में गुरुवार को जिले के पिपरा गांव में ऑफसाइट मॉक ड्रिल और ग्रामीण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पटना-मोतिहारी-बैतालपुर उत्पाद पाइपलाइन के समीप आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उच्च दाब वाली पेट्रोलियम पाइपलाइन के संभावित खतरों के प्रति जागरूक करना और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार करना था।
जागरूकता सत्र के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि पाइपलाइन के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या निर्माण कार्य का लाइव अलार्म तत्काल आईओसीएल कंट्रोल रूम में बजता है। सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचकर जांच करते हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पाइपलाइन क्षेत्र में कोई भी अनाधिकृत कार्य न करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत टोल-फ्री नंबर या नजदीकी थाने को दें। मॉक ड्रिल के दौरान जिला प्रशासन, अग्निशमन दल और मेडिकल टीम के साथ मिलकर बचाव कार्यों का सफल प्रदर्शन किया गया।
मौके पर आईओसीएल के उपमहाप्रबंधक अमित कुमार, वरिष्ठ प्रचालन प्रबंधक दिवाकर श्रीवास्तव, प्रियव्रत राय, हपिजुल शेख, उस्मान उस्मानी सहित कई अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Motihari | Indian Oil conducts offsite mock drill in Pipra, alerts villagers about safety.












