Tuesday, February 17, 2026

टॉप न्यूज़

जरूर पढ़ें

तुरकौलिया थाना पर एसपी का जनता दरबार, लापरवाही बरतने वाले आधा दर्जन पुलिस पदाधिकारियों पर गिरी गाज

मोतिहारी। आशा कुमारी।

मोतिहारी पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने मंगलवार को तुरकौलिया थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान कुल 80 फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में अधिकांश मामले जमीन विवाद से जुड़े पाये गये। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जाँच करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लापरवाही पर सख्त एक्शन
जनता दरबार के दौरान कांडों के अनुसंधान में शिथिलता और लापरवाही बरतने वाले करीब आधा दर्जन पुलिस पदाधिकारियों पर एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने मुफस्सिल सर्किल निरीक्षक (इंस्पेक्टर) अनिल कुमार सिन्हा सहित तीन अनुसंधान अधिकारियों (आईओ) के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। वहीं, दारोगा मंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अन्य पदाधिकारियों में दारोगा सुबोध कुमार, दारोगा मंजय कुमार और चौकीदार कमलेश कुमार पर भी कार्रवाई की गयी है। एसपी ने स्पष्ट लहजे में कहा कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
आमजन का बढ़ा पुलिस पर भरोसा
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों में लगातार जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। वे स्वयं विभिन्न थानों में पहुँचकर लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं, जिससे पुराने मामलों का समाधान तेजी से हो रहा है और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जायेगी। इस अवसर पर सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार, थानाध्यक्ष उमाशंकर माझी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने अपील की है कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का लाभ उठाएं।

वायरल खबरें