सेनुवरिया स्थित बोधि माई मंदिर के पास गश्ती के दौरान मिली थी गुप्त सूचना, बीएनएसएस की धारा 128 के तहत की जा रही कार्रवाई
रक्सौल। अनिल कुमार। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मादक पदार्थों के सेवन पर अंकुश लगाने को लेकर स्थानीय पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रक्सौल थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर सेनुवरिया स्थित बोधि माई मंदिर के पास छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान रक्सौल थाना क्षेत्र के कनना वार्ड नंबर-6 निवासी मनोज कुमार वर्मा के पुत्र अमन कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के सेनुवरिया गांव स्थित बोधि माई मंदिर के आसपास कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा चोरी-छिपे अवैध मादक पदार्थ स्मैक का सेवन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेनुवरिया स्थित बोधि माई मंदिर के पास छापेमारी की। इस दौरान अमन कुमार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 128 के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मादक पदार्थों के सेवन से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को लेकर एक बार फिर पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस द्वारा गश्ती और गुप्त सूचनाओं के आधार पर ऐसे स्थानों पर नजर रखी जा रही है, जहां नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना मिल रही है।
फोटो-स्मैक सेवन की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, एक युवक गिरफ्तार



