रक्सौल। अनिल कुमार। नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रक्सौल पुलिस ने लक्ष्मीपुर में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से 5.09 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ बरामद करने के साथ दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कार्रवाई लक्ष्मीपुर स्थित रेहान बिरयानी ढाबा के समीप की गई।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त इलाके में कुछ लोगों द्वारा नशीले पदार्थ की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। इसके बाद संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर मौके पर मौजूद दो लोगों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 5.09 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामगढ़वा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर वार्ड संख्या-9 निवासी प्रभु महतो के पुत्र राजू कुमार तथा रक्सौल थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-3 निवासी स्व. रामविनय पटेल के पुत्र कुमार रवि के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद पदार्थ, दोनों मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पदार्थ आरोपितों तक कहां से पहुंचा और इसके कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आवश्यक पूछताछ एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी की सूचना मिलने पर आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो -रक्सौल के लक्ष्मीपुर में नशीले पदार्थ के साथ दो युवक गिरफ्तार, 5.09 ग्राम पदार्थ बरामद



