आवान मेराज/देशवाणी रामगढ़वा
रामगढ़वा; विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रामगढ़वा के चम्पापुर में ‘मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, उपचार एवं सहयोग’ विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन ‘नयी रोशनी परियोजना’ एवं सीबीआर परियोजना’ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से लगभग 100 लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, इसके शुरुआती लक्षणों और उचित उपचार के बारे में विस्तार से बताया। वक्ताओं ने मानसिक समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों की बातें ध्यानपूर्वक सुनने, उन्हें सहयोग देने और समाज से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया।
इस कार्यक्रम में सदर अस्पताल से डॉ. नगमा व उनकी टीम, डंकन अस्पताल से डॉ. ब्लेसी एस., नयी रोशनी परियोजना से अफजल हुसैन, देबदास मंडी और संजय कुमार सिन्हा, तथा सीबीआर परियोजना से अजीत तिग्गा व होरिल साह शामिल हुए। इसके अलावा समाजसेवी अजहर हुसैन अंसारी और माहेर ममता निवास के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस आयोजन का उद्देश्य समुदाय में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता बढ़ाना था।



