*शांति समिति की बैठक में शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील, असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर
रक्सौल।अनिल कुमार। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को रक्सौल थाना परिसर स्थित सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने संयुक्त रूप से की। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं, शहर में बड़े वाहनों और ई-रिक्शा की आवाजाही पर भी रोक रहेगी, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर होगी नजर
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने वाले आपत्तिजनक, भ्रामक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेशों की भी निगरानी की जाएगी। लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी अपुष्ट खबर या भ्रामक संदेश पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और शांति बनाए रखने में आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई।
आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभाग को निर्देश
शहर में घूमने वाले आवारा पशुओं से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को देखते हुए अधिकारियों ने इनके नियंत्रण के लिए भी आवश्यक पहल करने की बात कही। इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं पशुपालन विभाग को निर्देशित किया जाएगा, ताकि पूजा के दौरान सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक में अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों से अपील की कि वे दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग से ही त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।
बैठक में ये रहे मौजूद
मौके पर अंचल अधिकारी अरविंद कुमार, रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, नायाब आलम, चंचल राय, शमसुद्दीन आलम, धुरेंद्र कुमार, सनी कुमार पटेल, राजकिशोर राय उर्फ भगत जी, राजेश कुमार आर्य, राजा कुमार, मनोज पासवान, अनिल दास, रमेश राय, सुशांत कुमार, सच्चिदानंद सिंह, रितिक राज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
फोटो -दुर्गा पूजा में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, शहर में बड़े वाहनों और ई-रिक्शा की आवाजाही पर भी रोक
*शांति समिति की बैठक में शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील, असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर



