HomeBIHARमोतिहारीरक्षा बंधन पर हरनाही रामजानकी मंदिर परिसर में सजा दो दिवसीय मेला,...

रक्षा बंधन पर हरनाही रामजानकी मंदिर परिसर में सजा दो दिवसीय मेला, दंगल बना आकर्षण

देशवाणी। रामगढ़वा।

रामगढ़वा प्रखंड के धनहर दिहुली पंचायत अंतर्गत खरखटवा गांव स्थित हरनाही रामजानकी मंदिर परिसर में रक्षा बंधन के पावन अवसर पर दो दिवसीय पारंपरिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन पंचायत के वर्तमान मुखिया जीतन सिंह और पूर्व मुखिया संजय पाण्डेय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद दोनों अतिथियों ने पहलवानों से हाथ मिलाकर पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया।

मेले को लेकर मंदिर परिसर में दिनभर चहल-पहल और उत्साह का माहौल रहा। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, श्रद्धालु और खेल प्रेमी पहुंचे। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, वहीं मिठाई व अन्य दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। रक्षा बंधन के अवसर पर भाइयों ने अपनी बहनों के लिए विभिन्न उपहारों की खरीदारी की।

दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेच से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। पहलवानों के मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। इसके अलावा मेले में नाच-गान और बैरक डांस का भी आयोजन किया गया, जिससे उत्सव का माहौल और भी रंगीन हो गया।

मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पलनवा थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल ने मेला परिसर में लगातार निगरानी रखी। पुलिस की सतर्कता के कारण मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular