सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को आत्मसात करने का डीएम ने किया आह्वान
बेतिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय बेतिया सहित पश्चिम चंपारण जिले के सभी प्रखंडों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों ने बापू को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के संदेशों को याद किया।
हरिवाटिका चौक पर डीएम ने किया माल्यार्पण
जिला मुख्यालय स्थित हरिवाटिका चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जिलाधिकारी, पश्चिम चंपारण श्री तरनजोत सिंह ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सद्भाव के गांधीवादी सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाकर ही बापू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा सकती है।
स्वच्छ और जिम्मेदार समाज के निर्माण का आह्वान
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से महात्मा गांधी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ, समतामूलक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भी दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रखंडों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
गांधी जयंती के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को स्मरण किया।
इस दौरान लोगों ने बापू के बताए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।



