Homeबिहारमोतिहारीमोतिहारी के लाल ओजस पाण्डेय का जलवा, बिहार स्टेट सबजूनियर बैडमिंटन में...

मोतिहारी के लाल ओजस पाण्डेय का जलवा, बिहार स्टेट सबजूनियर बैडमिंटन में जीता दोहरा रजत पदक

-

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के उदीयमान बैडमिंटन स्टार ओजस पाण्डेय ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम रोशन किया है। बक्सर में 19 से 23 जून तक आयोजित बिहार स्टेट सबजूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में ओजस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-13 बालक एकल और युगल दोनों वर्गों में रजत पदक अपने नाम किया। यह ओजस की लगातार तीसरी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता है जिसमें उन्होंने पदक जीतकर अपनी निरंतरता और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया है।

पूर्वी चंपारण बैडमिंटन संघ के सचिव त्रिलोक कुमार ने इस सफलता की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि इस राज्यस्तरीय टूर्नामेंट में बिहार के सभी जिलों के शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जहां ओजस ने शुरू से ही उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।

ओजस अपनी नियमित ट्रेनिंग स्पोर्ट्स जोन अकादमी में प्राप्त करते हैं। अपनी इस दोहरी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने मुख्य कोच नितेश कश्यप उर्फ निप्पू को दिया है। उसके कोच निप्पू ने कहा कि ओजस एक बेहद मेहनती खिलाड़ी हैं। पिछले वर्ष भी उन्होंने स्टेट चैंपियनशिप में प्रथम स्थान हासिल किया था। इस साल भी उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी और अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे चंपारण का मान बढ़ाया है।

ओजस की इस दोहरी उपलब्धि पर पूर्वी चंपारण जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों और जिले के वरिष्ठ खिलाड़ियों ने खुशी जाहिर की है। सभी ने ओजस और उनके कोच को ढेरों बधाइयां दीं और उम्मीद जताई कि ओजस भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और राज्य का नाम इसी तरह रोशन करेंगे।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts