देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। लोक आस्था के महान पर्व छठ को लेकर पूर्वी चम्पारण का मुख्यालय मोतिहारी पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। महापर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में गजब का उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयासों से इस बार के आयोजन को और भी भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया गया है।
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 238 छठ घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम (बैरिकेटिंग) और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। नगर निगम के उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हर आयु वर्ग के लोग इस अनुष्ठान को शानदार बनाने में जुटे हुए हैं।
उपमेयर की अपील: “मोतीझील और धनौती को रखें स्वच्छ”
इस वर्ष के छठ महापर्व पर उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक संकल्प लिया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस महापर्व पर यह प्रण लें कि अपने शहर के प्राण कहे जाने वाले मोतीझील, धनौती नदी और स्थानीय पोखरों में किसी भी प्रकार का कूड़ा, कचरा या पॉलीथिन नहीं डालेंगे।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि न तो स्वयं गंदगी फैलाएं और न ही दूसरों को ऐसा करने दें। यदि कोई ऐसा करता है, तो उससे प्रेमपूर्वक आग्रह कर रोकें। उपमेयर ने कहा कि छठ महापर्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सामाजिक संदेश यही है कि हमारे जीवनदाता जलस्रोत साफ और स्वच्छ रहें। इस बार का छठ पर्व केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का एक अनूठा उदाहरण बनने जा रहा है, जिससे मोतिहारी की खूबसूरती में चार चांद लग गए हैं।



