देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
जिले के हरसिद्धि थाना पुलिस ने जानलेवा हमला मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए उनके घरों पर न्यायालय से निर्गत इश्तेहार को चिपकाया । पुलिस ने डुगडुगी बजाकर गांव में मुनादी कराई और आरोपियों को जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। पुलिस का कहना है कि निर्धारित अवधि के भीतर सरेंडर नहीं करने पर न्यायालय के आदेश के तहत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पनापुर योगिया टोला तधवा गांव में पुलिस टीम पहुंची और फरार आरोपी राजा कुमार, रोहन कुमार तथा आकाश कुमार के घर पर इश्तेहार चस्पा किया। इस दौरान गांव में डुगडुगी बजाकर मुनादी भी कराई गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों को बताया कि आरोपी न्यायालय के आदेश के बावजूद फरार चल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राजा कुमार और रोहन कुमार सहोदर भाई हैं।
मामला 27 अप्रैल का है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मछहा गांव निवासी महेंद्र सहनी के पुत्र शनिदेवल कुमार अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने पनापुर योगिया टोला तधवा गांव आए थे। आरोप है कि बारात आने से पहले राजा कुमार, रोहन कुमार, आकाश कुमार और दीपक कुमार सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शनिदेवल कुमार के चेहरे पर सिगरेट का धुआं फेंक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने ईंट से हमला कर उनके सिर पर गंभीर चोट पहुंचा दी।
घटना के बाद घायल शनिदेवल कुमार ने हरसिद्धि थाना में चारों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन तीन आरोपी लगातार फरार चल रहे हैं। इसी कारण न्यायालय से इश्तेहार जारी होने के बाद उनके घरों पर इसे चस्पा किया गया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने का अवसर दिया गया है। यदि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सरेंडर नहीं करते हैं तो न्यायालय के आदेशानुसार उनके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी भी कर रही है।



