देशवाणी। बेतिया।
पश्चिम चम्पारण जिले में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। गृह विभाग, बिहार सरकार ने बिहार पुलिस सेवा के 27 पदाधिकारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में बेतिया सदर अनुमंडल-2 के पुलिस उपाधीक्षक (एसडीपीओ) के पद पर राकेश कुमार भास्कर तथा रामनगर पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ पद पर सत्येन्द्र राम को पदस्थापित किया गया है।
पुलिस मुख्यालय की अधिसूचना के अनुसार बेतिया पुलिस के सदर-2 और बगहा पुलिस के रामनगर अनुमंडल में नए एसडीपीओ की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों के इस स्थानांतरण को विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राकेश कुमार भास्कर इससे पहले सुपौल जिले के भीमनगर स्थित विशेष शाखा-15 में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व वे बेतिया नगर थाना और मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। बेतिया में अपने कार्यकाल के दौरान वे तेजतर्रार और अनुभवी पुलिस अधिकारी के रूप में चर्चित रहे हैं। बेतिया से पूर्व परिचित होने के कारण सदर-2 अनुमंडल में उनकी पदस्थापना से अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वहीं, रामनगर पुलिस अनुमंडल के नए एसडीपीओ सत्येन्द्र राम बनाए गए हैं। वे पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में डीएसपी के पद पर कार्यरत थे। भारत-नेपाल सीमा से सटे तथा प्रमुख पर्यटन क्षेत्र वाले रामनगर अनुमंडल में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
गृह विभाग की अधिसूचना के तहत बिहार पुलिस सेवा के कुल 27 पदाधिकारियों का विभिन्न जिलों में स्थानांतरण एवं नई जगह पदस्थापन किया गया है।



