अष्टयाम से लौटे पति ने छत तोड़कर कमरे में किया प्रवेश, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर गला दबाने का लगाया आरोप
देशवाणी/अवधेश कुमार शर्मा
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले के बेतिया पुलिस अंतर्गत कुमारबाग थाना क्षेत्र के लखौरा गांव के वार्ड संख्या-08 में शनिवार की रात एक 23 वर्षीया महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान मनतुरन देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जहां पति ने पत्नी द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई है, वहीं मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
दरवाजा नहीं खुलने पर छत तोड़कर कमरे में घुसा पति
मृतका के पति गोलू साह के अनुसार, वह दिल्ली में सेंटरिंग का काम करता है और करीब 20 दिन पहले घर आया था। शनिवार की रात वह अपने दोनों पुत्रों के साथ गांव में आयोजित अष्टयाम में शामिल होने गया था। रात करीब आठ बजे घर लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने एस्बेस्टस की छत तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर पत्नी का शव कपड़े के फंदे के सहारे पाइप से लटका देखकर वह अवाक रह गया।
पति ने किसी विवाद से किया इनकार
गोलू साह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का झगड़ा या विवाद नहीं था। मनतुरन ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है। घटना के बाद वह शव को लेकर जीएमसीएच पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके वालों ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
इधर, पूर्वी चम्पारण जिले के केसरिया पुरानी बाजार वार्ड संख्या-10 निवासी मृतका की बड़ी बहन खलासी देवी ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मनतुरन अपने पति को शराब पीने से मना करती थी। आरोप है कि पति बच्चों की भी समुचित देखभाल नहीं करता था। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मनतुरन के साथ मारपीट करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इनमें ऋतिक कुमार (6 वर्ष), आशीष कुमार (4 वर्ष) और सात माह की पुत्री तृद्धि कुमारी शामिल हैं। मां की असामयिक मौत से तीनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। महिला की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।



