दो किलोमीटर की पदयात्रा के बाद जनसभा को किया संबोधित, एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य दोहराया
वाल्मीकिनगर बनेगा पर्यटन हब, एयरपोर्ट और लव-कुश पार्क का होगा विकास; बेतिया में स्थापित होगी अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा
देश वाणी।न्यूज़ डेस्क।
बेतिया। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को बेतिया की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने करीब दो किलोमीटर तक पैदल चलकर लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया। पदयात्रा के बाद आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। करीब 25 मिनट 35 सेकेंड के संबोधन में उन्होंने बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए जनता से समर्थन मांगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपारण की यह पवित्र भूमि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने वाली धरती है। इसी भूमि ने महात्मा गांधी को महात्मा बनाया। उन्होंने कहा, “दो किलोमीटर की पदयात्रा में बेतिया की पवित्र भूमि पर जो दिखा, उससे स्पष्ट है कि लोकतंत्र में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कुछ लोग लोकतंत्र को मजाक बनाना चाहते हैं और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
एसआईआर के मुद्दे पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किए जाने का उल्लेख करते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की पहल की।
एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी प्रसाद यादव पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर के बहाने विपक्ष अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को देश की जनता ने पहले भी जवाब दिया है। इसी उद्देश्य से लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा आयोजित की गई है।
एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बिहार में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य में सात स्थानों पर सीमेंट फैक्ट्रियों का संचालन शुरू हो चुका है। वैशाली में 1200 एकड़ भूमि पर इलेक्ट्रॉनिक पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे करीब एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि सरकार एक करोड़ लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। अब तक 25 लाख लोगों को राशन कार्ड से जोड़ा जा चुका है। 31 मार्च 2027 तक पात्र लोगों को चिह्नित कर राशन कार्ड उपलब्ध कराने की योजना है।
सहयोग शिविरों में 10.12 लाख आवेदनों का निष्पादन
प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से आयोजित सहयोग शिविरों में 10.50 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 लाख 12 हजार आवेदनों का निष्पादन किया गया। उन्होंने कहा कि अब अधिकारी और कर्मचारी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से काम कर रहे हैं। गलत आदेश देने वाले अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का दावा, 10 हजार प्रोफेसरों की होगी बहाली
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 700 मॉडल स्कूलों की व्यवस्था की गई है। बच्चों को रात 11 बजे तक ऑनलाइन शिक्षकों से पढ़ने की सुविधा मिलेगी। सभी प्रखंडों में 211 डिग्री कॉलेज खोलने और शिक्षकों की व्यवस्था करने की दिशा में काम किया गया है।
उन्होंने बताया कि बिहार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए दिल्ली, मुंबई सहित अन्य स्थानों से करीब 2500 शिक्षकों को बुलाया गया है। पुराने कॉलेजों में 10 हजार प्रोफेसरों की बहाली की जाएगी। सरकार शिक्षा के क्षेत्र को श्रेष्ठ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ी ऑपरेशन की संख्या
स्वास्थ्य व्यवस्था की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार में प्रतिदिन करीब 2500 ऑपरेशन होते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 11 हजार तक पहुंच गई है। जिला अस्पतालों में आईसीयू की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बेहतर कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वाल्मीकिनगर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मिलेगी पहचान
पश्चिम चंपारण के विकास पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेतिया जिला अनोखा जिला है। वाल्मीकिनगर में हवाई अड्डा बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जिले को पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए लव-कुश पार्क, इको टूरिज्म और अन्य पर्यटन सुविधाओं का विकास होगा।
उन्होंने वाल्मीकिनगर की पौराणिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र माता सीता और लव-कुश की स्मृतियों से जुड़ा है। वहीं, सीतामढ़ी में माता सीता की जन्मस्थली पर भव्य सीता मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है।
बाढ़ से फसल बर्बाद होने पर किसानों को मिलेगा मुआवजा
किसानों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के कारण खेतों में गाद जमा होने और फसल नष्ट होने की स्थिति में प्रभावित किसान प्रखंड कार्यालय में आवेदन करें। सरकार जांच के बाद नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराएगी।
बेतिया में स्थापित होगी अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा
जनसभा में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बिहार सरकार बेतिया में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करेगी। इससे पूर्व पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने अपने स्वागत भाषण में बेतिया में अटल बिहारी पार्क और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी थी।
125 यूनिट मुफ्त बिजली और केंद्र सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच बिहार में 65 लाख आवास बनाकर लोगों को उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खाद्यान्न और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ पहुंचा रही है।
बिहार में 2.22 करोड़ विद्युत उपभोक्ताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक घरेलू परिवार को प्रतिमाह 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है।
डॉ. संजय जायसवाल ने की अटल बिहारी पार्क की मांग
कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने की। केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने स्वागत भाषण दिया। डॉ. जायसवाल ने कहा कि एनडीए सरकार पूरी गति से काम कर रही है। उन्होंने बेतिया में अटल बिहारी वाजपेयी पार्क और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और कानून के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि विदेशी और घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने पर विपक्ष विरोध कर रहा है।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री लखेंद्र पासवान, नंदकिशोर राम, वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुशवाहा, रेणु देवी, नारायण प्रसाद, समृद्ध वर्मा, विनय बिहारी, राम सिंह, संजय पांडेय सहित एनडीए के विभिन्न घटक दलों के नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



