रक्सौल।अनिल कुमार। शहर को जोड़ने वाली एमडीआर सड़क पर मनसा माई मंदिर के पास मंगलवार की दोपहर अज्ञात वाहन की ठोकर से एक मजदूर की मौत हो गई। मृत की पहचान रक्सौल थाना क्षेत्र के गम्हरीया गांव निवासी रामशंकर साह के रूप में की गई है। इसकी जानकारी देते हुए रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि रामशंकर साह रक्सौल से मजदूरी कर अपने घर गम्हरीया जा रहे थे, इसी दौरान रक्सौल से मोतिहारी के तरफ जा रही एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।थानाध्यक्ष श्री महतो ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया था। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और सड़क पर बाधित यातायात को सुचारू कराया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और चार पुत्रियों सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पत्नी का विलाप सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।पत्नी ने रोते हुए कहा कि उनके चार बेटियां और दो बेटे हैं। अब इन बच्चों का पालन-पोषण कौन करेगा।परिवार के सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।घटनास्थल पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि नायाब आलम ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और पुलिस से अज्ञात वाहन की जल्द पहचान कर चालक को गिरफ्तार करने की मांग की। थानाध्यक्ष श्री महतो ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है।इसके आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने जल्द ही वाहन और उसके चालक का पता लगाकर आगे की कार्रवाई करने की बात कही।
फोटो -अज्ञात वाहन की ठोकर से एक मजदूर की मौत



