देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण के जिले के गाँव व शहरों मे भाईदूज के अवसर पर बुधवार सुबह महिलाओं ने गोधन कूटने की रस्म निभाई। बहनों ने गोबर पर पान का पत्ता, सुपारी और इलायची रखकर उसे मूसल से कूटा। इस रस्म को ‘साईं का कांटा चुभाना’ भी कहा जाता है।
मान्यता के मुताबिक, भाई की रक्षा के लिए बहन ने यमराज को श्राप दिया था। इसके प्रायश्चित और भाई की लंबी उम्र की कामना के लिए बहनें अपनी जीभ पर कांटा चुभाती हैं।
गोधन कूटने के बाद बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाती हैं, आरती उतारती हैं और मिठाई खिलाती हैं। वे भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। मान्यता है कि इस दिन बहन से तिलक करवाने वाले भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता।
भाई-बहन के प्रेम का पर्व भाईदूज बुधवार को मनाया गया।हरसिद्धि प्रखंड के हसुआहां के रहने वाले आचार्य नीरज मिश्र ने बताया कि भाईदुज का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना की पौराणिक कथा से है। यमुना ने तिलक लगाकर यमराज का स्वागत और आदर-सत्कार किया था। बहन के प्रेम से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया। इसी दिन को यम द्वितीया और भाईदूज के रूप में मनाया जाने लगा।
भाईदूज पर गोधन कूटने की परंपरा भी निभाई जाती है। इसमें बहनें सुबह उठकर पहले भाई को प्रतीकात्मक रूप से श्राप देती हैं। इसके बाद गोबर से बने गोधन को मूसल से कूटती हैं।
लोककथा के अनुसार, एक बार यमराज के दरबार में ऐसी आत्मा को लाने की बात हुई, जिसकी बहन ने उसे कभी श्राप न दिया हो। यमराज उस व्यक्ति को लेने पहुंचे तो उसकी बहन को इसकी जानकारी हो गई। भाई को बचाने के लिए उसने यमराज को श्राप दिया।
कथा के मुताबिक, यमराज ने बहन की परीक्षा लेने के लिए उसे कई बार अलग-अलग तरीकों से परेशान किया। गुस्से में बहन ने गोबर का टुकड़ा उठाकर कहा कि उसका प्रेम सच्चा है तो यमराज की शक्ति इसमें समा जाए। मान्यता है कि यमराज की शक्ति गोबर में समा गई।



