छठ घाटों की व्यवस्था पर डीएम की नजर, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने का दिए निर्देश
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को जिला पदाधिकारी तरंजोत सिंह ने लौरिया प्रखंड के बिसुनपुरवा स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट की स्थिति और पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
डीएम के निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार और अंचल अधिकारी आशु रंजन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिला पदाधिकारी को घाट से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी।



