HomeBIHARबेतियागोबरौरा में कुश्ती का महासंग्राम: चंपारण के पहलवानों ने मारी बाजी, सैकड़ों...

गोबरौरा में कुश्ती का महासंग्राम: चंपारण के पहलवानों ने मारी बाजी, सैकड़ों दर्शकों ने उठाया लुत्फ

देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।

लौरिया (पश्चिमी चंपारण)। लौरिया प्रखंड के गोबरौरा गांव स्थित अस्पताल परिसर में मंगलवार को एक भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। इसमें चंपारण के अलावा दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश से आए तीन दर्जन से अधिक पहलवानों ने अपने दांव-पेच का प्रदर्शन किया। मुकाबलों में चंपारण के पहलवानों का दबदबा साफ नजर आया। दंगल देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी और दर्शकों ने पहलवानों का जोरदार उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख शम्भू तिवारी ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी पुरातन सांस्कृतिक धरोहर है। इस पारंपरिक खेल को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुश्ती से शारीरिक विकास के साथ मानसिक स्वस्थता भी बढ़ती है और ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलता है।

दंगल के पहले मुकाबले में करैया बशौली के सतरी और बजरा बैरिया के सोनू के बीच कांटे की टक्कर हुई, जिसमें सोनू विजयी रहे। दूसरे मुकाबले में महाराष्ट्र के सतन ने कमलजीत को हराया। तीसरे मुकाबले में पररिया के चंदन और गोरखपुर के मनु के बीच जोरदार भिड़ंत हुई, जहां मनु ने बाजी मारी।

चौथे मुकाबले में राम परसौना के नन्हू ने देवरिया के विकास को शिकस्त दी। पांचवां मुकाबला बकुलहिया के शिवबालक और करैया बशौली के राम सिंह के बीच बराबरी पर समाप्त हुआ। अन्य मुकाबलों में भी पहलवानों ने अपने दांव-पेच से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस तरह के दंगल का मकसद पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना और स्थानीय पहलवानों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में पंचायत समिति सदस्य विपीन साह, वृजेश साह, योगेंद्र यादव और उपेंद्र साह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular