माला सिन्हा
पीपराकोठी :71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल एसएसबी में प्रफुल्ल कुमार, कमांडेंट के नेतृत्व में पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया. इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया तथा राष्ट्र की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनके अद्वितीय योगदान, अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया. पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है. इस दिवस का ऐतिहासिक महत्व 21 अक्टूबर 1959 की उस घटना से जुड़ा है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में भारत-चीन सीमा पर गश्त कर रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर चीनी सैनिकों ने घात लगाकर हमला किया था. इस मुठभेड़ में 10 भारतीय पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे. उन्हीं वीर जवानों के बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है. इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के त्याग, समर्पण एवं वीरता को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्र की सेवा और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प दोहराया गया. यह दिवस उन सभी वीर पुलिसकर्मियों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए.



