HomeBIHARबेतियाबेतिया पुलिस की पहल, रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक...

बेतिया पुलिस की पहल, रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक मिलेगी निःशुल्क बस सेवा

महिला यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर, एसएसपी कुमार गौतम ने बसों को दिखाई हरी झंडी

देशवाणी।बेतिया।न्यूज़ डेस्क।

बेतिया: दुर्गा पूजा एवं आगामी प्रमुख पर्वों के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बेतिया पुलिस ने विशेष पहल की है। इसके तहत पश्चिम चम्पारण के वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बेतिया में निःशुल्क रात्रिकालीन बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने पुलिस केंद्र, बेतिया से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रात में सुरक्षित सफर की मिलेगी सुविधा

एसएसपी कुमार गौतम के अनुसार, दुर्गा पूजा एवं अन्य प्रमुख पर्वों के अवसर पर बाहर से अपने गृह क्षेत्र में आने वाले तथा बेतिया से अन्य स्थानों के लिए आवागमन करने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। रात्रि के दौरान आपराधिक घटनाओं से बचाव तथा यात्रियों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस ने यह पहल की है।

इस सेवा के तहत विशेष बसों का परिचालन रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक किया जाएगा। इससे देर रात यात्रा करने वाले लोगों, विशेषकर महिला यात्रियों को सुरक्षित और भयमुक्त आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

इन प्रमुख मार्गों से होगा बसों का परिचालन

बेतिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रिकालीन बस सेवा का परिचालन बेतिया रेलवे स्टेशन से शुरू होकर समाहरणालय चौक, बेतिया बस स्टैंड, आईटीआई, चेक पोस्ट, सोवा बाबू चौक, राज ड्योढ़ी, तीन लालटेन चौक, छावनी और मनुआपुल तक किया जाएगा।

विशेष परिस्थिति में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार संबंधित पुलिस पदाधिकारी के निर्देशों का अनुपालन किया जाएगा।

पर्व के दौरान यात्रियों को मिलेगी राहत

पश्चिम चम्पारण पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। खासकर देर रात रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों से आने-जाने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। यह व्यवस्था रात्रिकालीन आवागमन के दौरान सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular