बेतिया में एसएसबी की तीन दिवसीय अंतर-सीमान्त कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, विजेता-उपविजेता टीम को ट्रॉफी व खिलाड़ियों को मेडल से किया गया सम्मानित
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित जिला खेल भवन के इंडोर परिसर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की तीन दिवसीय अंतर-सीमान्त कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
पटना की टीम ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में सीमान्त पटना की टीम विजेता, जबकि सीमान्त लखनऊ की टीम उपविजेता बनी। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
विजेता सीमान्त पटना टीम को 65वीं वाहिनी बेतिया के क्षेत्रक मुख्यालय के डीआईजी ने ट्रॉफी प्रदान की। वहीं, उपविजेता सीमान्त लखनऊ टीम को 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर सम्बित राउत एवं उप सेनानायक नीलकांत ने खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र और मेडल प्रदान किए।
खेल भावना और सौहार्द बनाए रखने पर जोर
समापन के अवसर पर एसएसबी क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया के डीआईजी हरि प्रकाश ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ अनुशासन, समन्वय और सौहार्द का परिचय दिया। खिलाड़ियों ने पूरी प्रतियोगिता में अपनी क्रीड़ा प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जवानों में खेल भावना के साथ-साथ आपसी समन्वय और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
तीन दिनों तक चले इस कबड्डी मुकाबले के बाद पटना की टीम ने खिताब अपने नाम कर प्रतियोगिता का शानदार समापन किया।



