बोरिंग और फाउंडेशन का काम शुरू, नंदनगढ़ जाने वाली 18 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण भी पूरा।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। नगर पंचायत लौरिया में आम लोगों को अब पेयजल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से क्षेत्र के छह प्रमुख स्थानों पर स्थायी प्याऊ का निर्माण कराया जा रहा है। चयनित स्थलों पर बोरिंग और फाउंडेशन का काम शुरू हो चुका है। प्याऊ के निर्माण के बाद लोगों को यहां ठंडा, सामान्य और गर्म पानी नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पुरी ने बताया कि स्थायी प्याऊ का निर्माण निबंधन कार्यालय, बीकेजी गर्ल्स हाईस्कूल के समीप, हनुमान मंदिर के पास, बंगाली चौक, नंदनगढ़ चौक और आर्य समाज मंदिर के समीप कराया जा रहा है। इन स्थानों का चयन आम लोगों की आवाजाही को देखते हुए किया गया है। इससे बाजार, नगर पंचायत कार्यालय और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
ईओ ने बताया कि प्याऊ निर्माण का उद्देश्य नगर पंचायत क्षेत्र में आम लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संबंधित संवेदक को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।
नगर पंचायत क्षेत्र से नंदनगढ़ जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य भी पूरा हो गया है। करीब 18 फीट चौड़ी सड़क बनने से नंदनगढ़ जाने वाले लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। ईओ दिनेश पुरी ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए अन्य योजनाओं का प्रारूप भी तैयार कराया जा रहा है। आने वाले समय में इन योजनाओं पर भी काम शुरू कराया जाएगा।
प्याऊ निर्माण स्थलों के निरीक्षण के दौरान लड्डू सिंह सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी मौजूद रहे।



