Bettiah, रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज।एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन संगठन के बैनर तले रसोई गैस वितरकों ने अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर शहर में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च शहीद चौक से शुरू होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः शहीद चौक पर पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गया। प्रदर्शन के दौरान वितरकों ने मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का अल्टीमेटम दिया।
संगठन के अध्यक्ष अखिल कुमार पांडेय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वितरकों की मुख्य मांगों में होम डिलीवरी और प्रशासनिक शुल्क कमीशन में तत्काल 75 रुपये की वृद्धि करना शामिल है। इसके अलावा, उपभोक्ताओं से गैर-कानूनी तरीके से PHG लेने की अनिवार्यता समाप्त करने तथा प्रत्येक ई-केवाईसी के लिए 236 रुपये का भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।वितरकों ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों द्वारा चूल्हा, रबर ट्यूब, फायरवॉल ट्रॉली, चायपत्ती जैसे अतिरिक्त उत्पादों की जबरन टैगिंग और बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही, 5 किलो और 19 किलो वाले सिलेंडरों की जबरन बिक्री को तत्काल प्रभाव से बंद करने पर जोर दिया गया।संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी 12 सूत्री मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो पूरे क्षेत्र में आपूर्ति ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। आंदोलन की अगली कड़ी नो मनी नो इंडेन विरोध कार्यक्रम और 26 अक्टूबर को दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन का ऐलान किया गया है।कैंडल मार्च में संगठन के उपाध्यक्ष संजीव कुमार समेत भारी संख्या में स्थानीय एलपीजी वितरक व प्रतिनिधि शामिल रहे।



