देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। शहर के स्टेशन रोड निवासी प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. प्रकाश खेतान ने चिकित्सा जगत में एक बार फिर भारत का मान बढ़ाया है। प्रयागराज स्थित अपने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में डॉ. खेतान ने बिना मस्तिष्क खोले, नाक के रास्ते एंडोस्कोपिक तकनीक से एक जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया है। नैसीपुर, प्रयागराज निवासी मरीज विजया कुमारी के पिट्यूटरी ग्रंथि में बड़ा ट्यूमर होने के कारण उनकी आंखों की रोशनी लगातार जा रही थी। कॉर्पोरेट अस्पतालों में 15 से 20 लाख रुपये तक के भारी खर्च वाली इस जटिल सर्जरी को डॉ. खेतान ने बेहद कम खर्च में सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस अत्याधुनिक पद्धति से ट्यूमर निकाले जाने के बाद मरीज की खोई हुई दृष्टि पूरी तरह वापस लौट आई है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कई वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों ने फोन कर डॉ. खेतान को विशेष बधाई दी है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक में अपना नाम दर्ज करा चुके डॉ. खेतान मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले हैं। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद वे हर महीने चार दिन अपने गृह शहर मोतिहारी आते हैं और माता-पिता (स्व. पशुपतिनाथ खेतान और स्व. सावित्री खेतान) की स्मृति में निःस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा करते हैं। उनके इस मानवीय और सराहनीय प्रयास से मोतिहारी सहित पूरे देश का चिकित्सा जगत गौरवान्वित हुआ है।



