HomeBIHARमोतिहारीदुर्गा पूजा व भव्य मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

दुर्गा पूजा व भव्य मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

-दुर्गापूजा में दिखेगी पीपराकोठी में वैष्णो देवी मंदिर की झलक

-पिछले वर्ष जिला प्रशासन ने पूजा समिति को दिया था प्रथम पुरस्कार, इस बार भी भव्य आयोजन की तैयारी

फोटो : पुजा पंडाल का निर्माण करते कलाकार व बैठक में समिति सदस्य

माला सिन्हा

पीपराकोठी : नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, पीपराकोठी के तत्वावधान में आगामी दुर्गा पूजा एवं भव्य मेला के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूजा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए. बैठक में मुख्य रूप से कलश यात्रा के आयोजन, उसके निर्धारित मार्ग, कलश यात्रा के दौरान जल भरने की व्यवस्था तथा मेला परिसर में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विचार-विमर्श किया गया. समिति के सदस्यों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय से पहले पूरी की जाएंगी. मेला परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी. इस संबंध में अध्यक्ष राजन सिंह पटेल ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी मंदिर की भव्य झलक देखने को मिलेगी. पंडाल को वैष्णो देवी मंदिर की थीम पर तैयार किया जा रहा है. पंडाल निर्माण के लिए कोलकाता से पहुंचे कारीगरों ने कैंप मोड़ पर काम शुरू कर दिया है. पूजा के सफल आयोजन को लेकर समिति के अध्यक्ष राजन सिंह पटेल, सचिव धर्मेंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं. पिछले वर्ष समिति की ओर से श्रीराम मंदिर की आकृति पर भव्य पूजा पंडाल बनाया गया था, जिसे जिला प्रशासन की ओर से जिले का सर्वश्रेष्ठ पूजा पंडाल चुना गया था. जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने समिति को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था. इस सम्मान के बाद इस वर्ष समिति की जिम्मेदारी और उत्साह दोनों बढ़ गया है. अध्यक्ष राजन सिंह पटेल ने बताया कि इस वर्ष पूजा का 64वां आयोजन होगा. पंडाल के मुख्य कारीगर बिटू दा और मूर्तिकार मिठू कुमार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. पंडाल को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष सजावट की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन जैसा अनुभव मिल सके. पंडाल की ऊंचाई 80 फिट, लम्बाई 180 फिट, चौडाई 100 फिट, गुफा, चलती पासवे, बैटरी कार, रोपवे, झरना, फाइवर स्ट्रेक्चर, थरमोकोल, 3डी आर्ट, हाई क्वालिटी फिनिसिंग के साथ माता का भब्य मंच बनाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पीपराकोठी में सार्वजनिक रूप से दुर्गापूजा की शुरुआत वर्ष 1962 में सुरेश जायसवाल सहित अन्य लोगों के प्रयास से हुई थी. तब से लगातार यहां पूजा का आयोजन होता आ रहा है. इस वर्ष भी पूजा के साथ श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मूविंग प्रतिमा, मारुति सर्कस, झूला, जलपरी, जादू सहित विभिन्न आकर्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पूजा समिति ने आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. बैठक में समिति के अध्यक्ष राजन सिंह पटेल, पूर्व प्रमुख सुदर्शन राय, पंचायत समिति सदस्य रीतज कुमार गुप्ता, आलोक कुमार शर्मा, पप्पू कुमार, अमन कुमार, सरपंच मनोज कुमार गुप्ता, मनोज जायसवाल, बिट्टू कुमार, राजकुमार, गुड्डू पटेल, सुनील पटेल एवं विश्वनाथ प्रसाद यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular