माला सिन्हा
पीपराकोठी : आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को पीपराकोठी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ ने की. इसमें प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के अध्यक्ष एवं पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए. बैठक में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.
बैठक में पूजा समितियों को अपने-अपने पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्नि सुरक्षा के लिए फायर एक्सटिंगुइशर की व्यवस्था रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने का निर्देश दिया गया. साथ ही पूजा के दौरान डीजे पर प्रतिबंध रहने की जानकारी देते हुए समितियों को इसका सख्ती से पालन करने को कहा गया. अधिकारियों ने कहा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है. ऐसे में पंडालों में प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए. किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई. पूजा समितियों को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन करने को कहा गया. बैठक में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, प्रखंड प्रमुख रजनीश कुमार, रीताज गुप्ता, मुखिया उपेंद्र पासवान, रामनाथ प्रसाद यादव, संतोष शर्मा, हेमंत कुमार, पूर्व मुखिया दिवाकर पाण्डेय, जितेंद्र साह सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे. अधिकारियों ने सभी से दुर्गा पूजा को आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की.



