बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं पर मंथन, राहत कार्य तेज करने पर जोर।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। बाढ़ प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने को लेकर शुक्रवार को लौरिया प्रखंड सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में अपर समाहर्ता, एसडीएम, प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी और सीओ आशु रंजन समेत विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में बाढ़ से हुई क्षति का पंचायतवार आकलन कर प्रभावित परिवारों की सूची अंचल कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। सूची के आधार पर क्षति का सत्यापन कर पात्र लोगों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।
बैठक में बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों की समस्याओं, राहत कार्यों और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई। अपर समाहर्ता ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
सीओ आशु रंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में बैठक आयोजित की गई है। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सूची के आधार पर बाढ़ से हुई क्षति की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर मुखिया संजय पाठक, अविनाश शेखर, जाहिर अहमद, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि संजय कुमार, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि लड्डू सिंह सहित कई मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य और राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।



