HomeBreakingधोखाधड़ी: दो लाख रुपये जमा करने पर 10 लाख का लालच, महिला...

धोखाधड़ी: दो लाख रुपये जमा करने पर 10 लाख का लालच, महिला से ठगी, केस दर्ज

गहने बेचकर जुटाए थे एक लाख, दूसरी जगहों से एक लाख रुपये लेकर भेजे; बेटी के गायब होने के बाद परिजनों से मांगे जा रहे और पैसे

देश वाणी।अमित गिरि | मैनाटांड़

मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में रहने वाली एक महिला की बेटी को 10 लाख रुपये देने का झांसा देकर दो लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने मैनाटांड़ थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सऐप कॉल कर दिया था 10 लाख रुपये का झांसा

नेपाल के लंगड़ी थाना क्षेत्र के भीखमपुर निवासी जयमती देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनकी बेटी ललिता कुमारी की शादी मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में हुई है।

करीब तीन माह पहले ललिता के मोबाइल पर अलग-अलग तीन अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वालों ने उसे प्रलोभन देते हुए कहा कि यदि वह दो लाख रुपये जमा करती है तो उसे बदले में 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।

गहने बेचकर जुटाए एक लाख रुपये

प्रलोभन में आकर ललिता कुमारी ने अपने करीब एक लाख रुपये के गहने बेच दिए। इसके अलावा अन्य जगहों से एक लाख रुपये की व्यवस्था की। इसके बाद कथित तौर पर बताए गए मोबाइल नंबर 7002506957 और 9625672008 पर दो लाख रुपये भेज दिए।

रुपये भेजने के बाद भी जब उसे 10 लाख रुपये नहीं मिले तो परिवार को ठगी का एहसास हुआ।

19 सितंबर को फोन कर बुलाया, फिर बंद हो गया मोबाइल

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर को उक्त नंबरों से उसकी बेटी को फोन कर रुपये देने के लिए बुलाया गया था। उसी दिन शाम करीब छह बजे के बाद से ललिता कुमारी का मोबाइल बंद आने लगा।

पति को फोन कर मांगे जा रहे और पैसे

आवेदन के अनुसार, 20 सितंबर से ललिता के पति रामभवन महतो को फोन किया जा रहा है। फोन करने वाले कथित तौर पर ललिता को वापस करने के बदले और पैसे देने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मैनाटांड़ थानाध्यक्ष जय भगवान कुमार ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। पुलिस कॉल करने वाले मोबाइल नंबरों और रुपये भेजे जाने से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular